भास्कर न्यूज | कवर्धा पीएम श्री योजना के तहत जिले के सात शिक्षकों का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जम्मू में क्षमता निर्माण प्रशिक्षण के लिए हुआ है। यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 से 8 सितंबर तक आयोजित होगा। इस दौरान शिक्षक आईआईटी जम्मू के प्रोफेसरों से नवीन शिक्षण तकनीक और कौशल सीखेंगे, जिसे वे आगे अपने विद्यालयों में लागू करेंगे। चयनित शिक्षकों में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल कवर्धा प्रियंका बाजपेयी, पंडरिया से सतकुमार सुमन, लोहारा से सोनू वर्मा, बोड़ला से अंकित वाधवा, पोंडी से अनिता चंद्रवंशी, पिपरिया से विकास साव साथ ही पीएमश्री एकलव्य मॉडल रेसीडेंशियल स्कूल तरेगांव जंगल के भगत सिंह दिवाकर शामिल हैं। यह प्रशिक्षण समग्र शिक्षा के राज्य प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर आशीष गौतम के मार्गदर्शन में होगा। पूरे प्रदेश से करीब 151 शिक्षक इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। जिला शिक्षा विभाग ने चयनित शिक्षकों से आशा व्यक्त की है कि प्रशिक्षण से वे अपने शिक्षण कार्य में नवीनता लाकर विद्यार्थियों को और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराएंगे।


