आईएएस संतोष वर्मा की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग:शिवपुरी में सवर्ण समाज ने बयान के विरोध में पुतला जलाया

आईएएस संतोष वर्मा की आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सवर्ण समाज ने मंगलवार को शिवपुरी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने माधव चौक पर वर्मा का पुतला दहन कर पोस्टर जलाए। इसके बाद समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर रविंद्र चौधरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्मा की तत्काल बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की गई। यह विवाद 23 नवंबर को भोपाल के तुलसी नगर स्थित अंबेडकर मैदान में अजाक्स कर्मचारी संगठन के प्रांतीय अधिवेशन से जुड़ा है। अधिवेशन में संतोष वर्मा को अध्यक्ष चुने जाने के बाद दिए गए संबोधन में उन्होंने सवर्ण और ब्राह्मण समाज की बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस भाषण का वीडियो सामने आने के बाद समाज में नाराजगी फैल गई। बयान से भारतीय समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची प्रदर्शन में शामिल प्रतिनिधियों ने कहा कि यह टिप्पणी न सिर्फ सवर्ण समाज, बल्कि सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों और पूरे भारतीय समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने जोर दिया कि एक आईएएस अधिकारी के ऐसा बयान दिया जाना इसे और अधिक गंभीर बनाता है। आईएएस वर्मा पर पहले भी कार्रवाई हुई समाज के लोगों ने यह भी बताया कि संतोष वर्मा पहले भी विवादों में रहे हैं। उनके खिलाफ पूर्व में की गई कार्रवाई और गिरफ्तारियों से जुड़े दस्तावेज इंटरनेट पर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि अजाक्स सामान्य कर्मचारियों का संगठन है, ऐसे में एक आईएएस अधिकारी को इसमें शीर्ष पद पर रखना अनुचित है। महामंडलेश्वर ने बयान को बताया महिलाओं का अपमान महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास महाराज सहित समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने इस टिप्पणी को सिर्फ ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि समस्त भारतीय नारी समाज का अपमान बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाषण समाज में जातीय तनाव और वैमनस्य बढ़ाने वाला है। प्रदर्शन के दौरान महिला शक्ति की ओर से शशि पाराशर ने ज्ञापन का वाचन किया, जबकि पुलिस अधीक्षक को दिए जाने वाले ज्ञापन का वाचन रंजना मिश्रा ने किया। इस दौरान प्रमुख रूप से पं. पुरुषोत्तम कान्त शर्मा, भरत शर्मा, महेश शर्मा, राजेंद्र दुबे, महेंद्र दुबे, रघुराज सिंह वेश्य, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, पूर्व विधायक हरीवल्लभ शुक्ला, पं. रामप्रकाश शर्मा, अनिल उत्साही सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में हुए इस पुतला दहन और ज्ञापन कार्यक्रम के बाद समाज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *