कटनी में मध्य प्रदेश में कार्यरत आईएएस और अजाक्स प्रांतीय अध्यक्ष संतोष वर्मा की ओर से ब्राह्मण मातृ शक्तियों के संबंध में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। शुक्रवार दोपहर को ब्राह्मण समाज के महिला और पुरुषों ने सुभाष चौक पर एकत्रित होकर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संतोष वर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। विवादित बयान को बताया निंदनीय किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व ब्राह्मण समाज की महिला जिला अध्यक्ष उषा पांडे ने किया। उन्होंने आईएएस संतोष वर्मा के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति ऐसे बयान देना निंदनीय है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार से आईएएस पर कड़ी कार्रवाई की मांग पांडे ने सरकार से संतोष वर्मा को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से भविष्य में कोई भी अधिकारी इस तरह की टिप्पणी करने की हिम्मत नहीं करेगा। आक्रोशित ब्राह्मण समाज ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि संतोष वर्मा की टिप्पणी से न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे देश का ब्राह्मण वर्ग आक्रोशित है। समाज ने वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की है।


