भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह के बड़ा चौक स्थित होटल में रविवार को भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) गिरिडीह शाखा के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का पदस्थापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के नगर विकास, उच्च शिक्षा, खेलकूद एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू शामिल हुए। समारोह में आईएमए झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एके सिंह, स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. सिद्धार्थ शंकर संन्याल, कोडरमा आईएमए के वरिष्ठ सदस्य डॉ. राम सागर सिंह, धनबाद से डॉ. चक्रवर्ती एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया। आईएमए गिरिडीह के अध्यक्ष डॉ. रियाज अहमद, सचिव डॉ. रितेश कुमार सिन्हा और कोषाध्यक्ष डॉ. नूतन लाल ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल से स्वागत किया। समारोह का शुभारंभ बच्चियों की सरस्वती वंदना और अतिथियों के दीप प्रज्वलन से हुआ। मंत्री ने कहा कि गिरिडीह में 12 वर्षों बाद आईएमए का चुनाव हुआ है, जो खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि संघ को समाज के गरीब व जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। मंत्री ने मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट को झारखंड में लागू करने की मांग को भी गंभीरता से लेने की बात कही। आईएमए झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि देशभर में संघ के 50 लाख से अधिक सदस्य हैं और गांव की ओर चलो अभियान के तहत गांवों में कैंप लगाकर गरीबों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने गिरिडीह में बनने वाले मेडिकल कॉलेज को लेकर मंत्री का आभार जताया और राज्य में मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग दोहराई। समारोह में गिरिडीह, धनबाद, कोडरमा समेत विभिन्न जिलों से आए 100 से अधिक चिकित्सकों ने भाग लिया। उपस्थित चिकित्सकों में डॉ. बिरेन्द्र कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. ललिता बेसरा, डॉ. अंकिता कुमारी, डॉ. अवधेश प्रसाद, डॉ. शोएब अंसारी, डॉ शिव प्रसाद, डॉ केके ड्रोन, डॉ विभा, डॉ. मनीषा, डॉ अशोक कुमार सहित अन्य शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ रियाज अहमद व मंच संचालन डॉ. सर्जना शर्मा ने किया।


