गणेश पूजा पर डीजे पर प्रतिबंध, शांति की अपील

गिरिडीह | जिले में आगामी 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस पर्व को नगर थाना क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर रविवार को नगर थाना सभागार में शांति समिति की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर थाना निरीक्षक सह थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने की। उपस्थित लोगों से थाना प्रभारी ने कहा कि शहर में हिंदू समुदाय द्वारा मनाए जाने वाले गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। थाना प्रभारी ने पूजा समितियों को निर्देश देते हुए कहा कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। पूजा के दौरान केवल लाउडस्पीकर का प्रयोग किया जा सकता है, जिसकी ध्वनि सीमा 60 डेसीबल से अधिक नहीं होनी चाहिए। केवल धार्मिक गीत बजाए जाएं। किसी भी तरह के अश्लील या भड़काऊ गाने पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। यदि कोई पूजा समिति अश्लील गीत या डीजे बजाते पकड़ी जाती है, तो उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *