जालंधर| आईवी वर्ल्ड स्कूल में वासल एजुकेशन के तत्वावधान में शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इसका संचालन शिक्षाविद् और मार्गदर्शक मंजू गुप्ता ने किया। यह कार्यशाला तीन समकालीन शैक्षिक विषयों- सामुदायिक जुड़ाव, शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और शिक्षण व मूल्यांकन पर केंद्रित थी। सामुदायिक जुड़ाव पर आधारित सत्र में गुप्ता ने रेखांकित करते हुए बताया कि कैसे स्कूलों और समुदायों के बीच एक मजबूत साझेदारी छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक हो सकती है। इसके बाद शिक्षा में एआई की भूमिका पर संवादात्मक और व्यावहारिक सत्र में शिक्षकों को कैनवा एआई, मैजिक स्कूल एआई, काहूट जैसे टूल्स के बारे में जानकारी दी गई। वहीं आखिरी सत्र में शिक्षण और मूल्यांकन की आधुनिक तकनीकों पर चर्चा हुई। इस मौके पर वासल एजुकेशन के अध्यक्ष केके वासल, चेयरमैन संजीव कुमार वासल, उपाध्यक्ष ईना वासल, सीईओ राघव वासल और निर्देशिका अदिति वासल ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षकों को नई ऊर्जा और दृष्टिकोण प्रदान करती हैं, जिससे वे अपने छात्रों के लिए और भी अधिक प्रभावी रूप से मार्गदर्शन कर सकें।


