आउटसोर्सिंग कंपनी बोली- किसी को नहीं निकाला, सबका है ख्याल

मेकॉन में वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे सभी सप्लाई कर्मी शुक्रवार से काम पर वापस लौट आए। सुबह मेकॉन परिसर में कर्मियों की आउटसोर्सिंग कंपनी से सकारात्मक बात हुई। मेकॉन प्रबंधन ने कहा कि इन कर्मियों को हटाने की बात कभी कही ही नहीं गई। ये सिर्फ वेतन वृद्धि आदि की मांग कर रहे थे। आउटसोर्सिंग कंपनी के साथ भी इनकी बात हो गई है। कर्मचारी सामान्य दिनों की तरह काम कर रहे हैं। किसी भी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाला नहीं गया है। मेकॉन अपने कर्मचारियों का बखूबी ख्याल रखता है। आउटसोर्सिंग कंपनी एग्जीम वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर राजीव रंजन ने बताया कि कर्मियों की मांग पर हम विचार कर रहे हैं। किसी भी कर्मी को नौकरी से निकालने का कोई सवाल ही नहीं है। ये लंबे समय से मेकॉन के साथ जुड़े हैं और कंपनी के लिए काफी अहम हैं। मालूम हो कि करीब 450 सप्लाई कर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कुछ दिनों से आंदोलनरत थे। इसी दौरान गुरुवार को आउटसोर्सिंग एजेंसी की तरफ से सभी को नौकरी से हटाने की बात ई-मेल द्वारा कही गई थी। ई-मेल में यह भी कहा गया था कि जो काम करना चाहते हैं, उन्हें लिखित में माफी मांगनी होगी। सप्लाई कर्मियों ने बताया कि आंदोलन करने वाले सभी कर्मी 20 साल से मेकॉन में कार्यरत हैं। इनमें मैकेनिक, साफ-सफाई, डाटा हैंडलिंग, नर्सिंग स्टाफ आदि शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *