उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंदसौर के ग्राम आक्या बीका स्थित गोशाला परिसर में कुल 9 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बनने वाली तीन महत्वपूर्ण सड़कों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने टीबी के मरीजों को फूड बास्केट भी वितरित किए। भूमिपूजन कार्यक्रम के अंतर्गत 3 करोड़ 2 लाख रुपए की लागत से खेड़ा से टकरावद सड़क, 3 करोड़ 83 लाख रुपए की लागत से आक्या बीका से मगराना सड़क तथा 2 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से ढाणी से भेरूजी सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि वर्तमान समय सड़कों के विकास का स्वर्णिम युग है। उन्होंने बताया कि सड़कों के व्यापक विकास से गांव-गांव तक आवागमन सुगम हुआ है। मल्हारगढ़ क्षेत्र में ही लगभग 250 सड़कों का निर्माण किया जा चुका है, जो सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बोले- सड़क नेटवर्क के बिना विकास संभव नहीं
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार द्वारा गांधी सागर का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है और आगामी एक वर्ष के भीतर किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों, महिलाओं, गरीबों और सभी वर्गों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क परिवहन देश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़कों के माध्यम से न केवल आवागमन आसान होता है, बल्कि कृषि, उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्रों को भी नई गति मिलती है। मजबूत सड़क नेटवर्क के बिना संतुलित विकास संभव नहीं है। ‘निवेश के नए अवसर सृजित होते हैं’
उन्होंने बताया कि बेहतर सड़कों से किसान अपनी उपज समय पर मंडियों तक पहुंचा पाते हैं, जिससे उन्हें उचित मूल्य प्राप्त होता है। उद्योगों को कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलती है, जिससे उत्पादन और निवेश के नए अवसर सृजित होते हैं। साथ ही सड़क परिवहन से रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त सड़क अवसंरचना शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच को सरल बनाती है तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, मदनलाल राठौर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


