भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड अंतर्गत मुंडाकटी स्थित भीमखांदा में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मकर संक्रांति एवं आखान यात्रा के पावन अवसर पर शिव पूजा कमेटी, भीमखांदा के तत्वावधान में आयोजित विराट टुसू मेला धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। मेले में झारखंड सहित बिहार, पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा से लाखों की संख्या में दर्शक पहुंचे और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाया। मेले में विभिन्न वेशभूषाएं में सजे युवक-युवतियों के दलों ने टुसू गीतों पर जमकर नृत्य किया। अलग-अलग राज्यों से लाई गई आकर्षक टुसू प्रतिमाओं का प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के, जिप सदस्य अमोदिनी महतो, मुखिया रामसिंह हेंब्रम, गोपाल महतो, पीएस मेंबर मनोज महतो, ग्रामप्रधान शिवराम महतो, डॉ. नारद महतो, शकुंतला महतो उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृष्णा बास्के ने कहा कि मकर संक्रांति पर आयोजित यह टुसू मेला आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है। सभी समुदाय मिल-जुलकर इस पर्व को मनाते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी परंपरा, संस्कृति और धरोहर को बचाकर रखना हम सभी का कर्तव्य है। वहीं जिप सदस्य अमोदिनी महतो ने कहा कि यह मेला अत्यंत प्राचीन होने के साथ-साथ झारखंड का एक प्रसिद्ध पर्यटक स्थल भी है। वहीं मेले आए टुसु प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार जामबनी को 13,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार गोबिंदपुर को 10,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार उज्जवल को 7,000 रुपये, चतुर्थ पुरस्कार मदनासाई को 4,000 रुपये, पांचवां पुरस्कार आकर्षिणी बुरूडीह को 3,000 रुपये प्रदान किया गया। साथ ही नौ टुसू दलों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। मेले के सफल संचालन में समिति के सदस्य तपन कुमार महतो, जुगल किशोर महतो, संजीव महतो, पिंटू महतो, बागुन सोरेन, खेला राम सोरेन, क्रर्मा सोरेन, लखनाथ महतो, दीवाना महतो, डॉक्टर नारद महतो, जय राम महतो, उत्तम महतो, जय सिंह सोरेन, शिवा सोरेन सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।


