भास्कर न्यूज | चाईबासा बाल-विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के तहत सदर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टेकासाई में शुक्रवार को शपथ समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापिका संध्या लालिमा होरो, शिक्षक सुनील कुमार पासवान, कविता गागराई व राजा राय के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत के तहत उपस्थित बच्चों को शपथ दिलाई गई। उन्होंने बताया कि एनएफएचएस-5 सर्वे के अनुसार राज्य में बाल विवाह का प्रतिशत अभी भी 32 प्रतिशत से अधिक है। राज्य के अधिकांश जिले राष्ट्रीय औसत के ऊपर है। जो अत्यंत चिंता का विषय है। देश बाल-विवाह मुक्त हो सके इसके लिए भारत सरकार द्वारा बाल-विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान शुरू किया गया है। जिसके तहत विद्यालय में गतिविधियां आयोजित की जा रही है। बच्चों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाते हुए जानकारी दी गई कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई और कानूनन अपराध है, जो बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और विकास में बाधा है, तथा उनके सपनों को साकार होने से रोकती है। इसलिए हम सभी को बाल विवाह के खिलाफ हर संभव प्रयास सुनिश्चित करने के साथ-साथ परिवार, पड़ोस व समुदाय में किसी बालिका का बाल विवाह न होने पाए। यदि इस तरह की घटना की जानकारी मिलती है तो सूचना पंचायत व सरकार को देना है। ताकि बच्चों की सुरक्षा व शिक्षा के साथ ही बाल विवाह मुक्त झारखंड का निर्माण हो सके।


