आखिरी मैच में चूका छत्तीसगढ़, ऑल इंडिया सब जूनियर बेसबॉल टूर्नामेंट में जीता सिल्वर

भास्कर न्यूज | कवर्धा देहरादून (उत्तराखंड) में 28 से 30 दिसंबर तक ऑल इंडिया सब जूनियर बेसबॉल क्लब टूर्नामेंट हुआ। फाइनल मुकाबला रोमांचक व संघर्षपूर्ण रहा। देशभर की मजबूत टीमों के बीच खेले गए इस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की बालक टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (सिल्वर मेडल) का गौरव हासिल किया। खास बात यह रही कि इस ऐतिहासिक सफर में प्रयास स्पोर्ट्स एकेडमी कवर्धा के खिलाड़ियों की भूमिका निर्णायक रही। टूर्नामेंट में कवर्धा के 5 खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व किया। कवर्धा के खिलाड़ी पंकज मेरावी को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट का ग्रैंड फाइनल मुकाबला छत्तीसगढ़ बनाम पंजाब के बीच खेला गया। पांच इनिंग का यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। शुरुआती इनिंग्स में छत्तीसगढ़ ने कड़ी टक्कर दी और मैच को बराबरी पर रखा। लेकिन मध्य इनिंग्स में पंजाब के बल्लेबाजों ने लगातार रन बटोर लिए। छत्तीसगढ़ ने वापसी की कोशिश की, लेकिन पंजाब की मजबूत बैटिंग लाइनअप के सामने 7-3 से मुकाबला हार गया। सेमीफाइनल में हरियाणा के शुरुआती हमलों को मजबूत फील्डिंग और सटीक थ्रो से रोका गया। जवाब में छत्तीसगढ़ ने जरूरी रन जुटाते हुए 4-1 से मुकाबला जीतकर ग्रैंड फाइनल में प्रवेश किया। लीग से ही दबदबा, चंडीगढ़ को पहले मैच में हरा दिया छत्तीसगढ़ टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत पूरे आत्मविश्वास के साथ की। लीग मुकाबले में उसका सामना चंडीगढ़ से हुआ। शुरुआती इनिंग्स में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। लेकिन छत्तीसगढ़ के बल्लेबाजों और पिचर्स ने संयम बरतते हुए मैच पर पकड़ बनाई। शानदार फील्डिंग और सटीक पिचिंग के दम पर छत्तीसगढ़ ने 5-3 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की। फाइनल में हार के बावजूद जीत जैसा प्रदर्शन किया भले ही फाइनल में हार मिली, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ टीम का प्रदर्शन काबिले-तारीफ रहा। कवर्धा के पंकज मेरावी, चंद्रेश कोर्राम, शिवम पटेल और लक्ष्य विभोर ने कई अहम मौकों पर शानदार खेल दिखाया। पिचिंग, बैटिंग और फील्डिंग तीनों विभागों में टीम ने संतुलित प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया स्तर पर सिल्वर मेडल जीतना छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि है। दिल्ली पर एकतरफा जीत 13-0 से किया गया बाहर क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ का सामना दिल्ली की मजबूत टीम से हुआ, लेकिन इस मैच में छत्तीसगढ़ पूरी तरह हावी नजर आया। शुरू से ही बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज अपनाया। वहीं पिचर्स ने दिल्ली के बल्लेबाजों को रन बनाने का कोई मौका नहीं दिया। परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ ने 13-0 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन माना गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *