राजकीय विधि महाविद्यालय के लॉ फाइनल ईयर के 38 विद्यार्थियों की मार्कशीट गायब होने का प्रकरण सामने आया है। जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि यूनिवर्सिटी जयपुर ने पोस्ट के माध्यम से 1 अक्टूबर 2024 को विद्यार्थियों की मार्कशीट भेजी थी। वहीं डाक विभाग के अनुसार 7 अक्टूबर को ही लॉ फैकल्टी में मार्कशीट डिलीवर की। उसके बाद आज तक विद्यार्थियों को मार्कशीट ही नहीं मिली। इस प्रकरण में को लॉ फैकल्टी के प्राचार्य डॉ.मनोज शर्मा का कहना है कि आज तक उनको विद्यार्थियों की मार्कशीट मिली ही नहीं है। ऐसे में फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स को मार्कशीट ना मिलने की वजह से वह यूनिवर्सिटी, कॉलेज के ही सिर्फ चक्कर काट कर रह गए हैं। वहीं प्रतियोगी परीक्षा में फॉर्म को न भर पाने के कारण अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। अब प्रतियोगी परीक्षाओं और बार काउंसिल रजिस्ट्रेशन में स्टूडेंट्स को आ रही बाधा वर्ष 2023-24 लॉ फाइनल ईयर के छात्र-छात्राओं की परीक्षा डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि यूनिवर्सिटी जयपुर ने जुलाई में ही करवा दिए थे। रिजल्ट अगस्त में ही जारी कर दी गई थी। लॉ फाइनल ईयर के 38 विद्यार्थियों की अंकतालिका पोस्ट नं. ER428515639IN से 1 अक्टूबर 2024 को भेजी थी, लेकिन वह मार्कशीट कॉलेज प्रशासन को मिली ही नहीं। छात्र भूपेंद्र ने बताया कि जिन्होंने रिवेल्युएशन फॉर्म भरे उन विद्यार्थियों तक की अंकतालिका बंटने का काम महाविद्यालय में शुरू हो चुका है और हम 3 महीने से मार्कशीट का इंतजार कर रहे हैं। कॉलेज से पूछो तो बोलते हैं आ जाएगी मार्कशीट और विश्वविद्यालय वालों से पूछो तो बोलते हैं अंकतालिका भेज चुके हैं। जयपुर गए तो हमने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक नीरज जैन से मुलाकात की तो उन्होंने भी बताया कि मार्कशीट भेजी जा चुकी है। ऐसे में बीच में हमारी मार्कशीट कहां गई। ये समझ नहीं आ रहा है। छात्र सोनू ने बताया कि मार्कशीट न मिलने के कारण हम लोग बार काउंसलिंग में आवेदन नहीं कर पा रहे क्योंकि हमारे कागज ही पूरे नहीं है। “डॉ. भीमराव अंबेडकर विधि यूनिवर्सिटी जयपुर 1 अक्टूबर को ही विद्यार्थियों की मार्कशीट भेज चुका है और आज तक हमें मार्कशीट मिली ही नहीं है। इस प्रकरण में जांच करेंगे कि मार्कशीट आखिर गई कहां। पूरा प्रयास रहेगा मार्कशीट जल्द मिले।” -डॉ.मनोज शर्मा, प्राचार्य विधि काॅलेज “पोस्ट ऑफिस के माध्यम से मार्कशीट राजकीय विधि महाविद्यालय 7 अक्टूबर को ही भेजी जा चुकी हैं। लॉ कॉलेज वाले ने साइन कर के पोस्ट रिसीव की है।” – पोस्ट मास्टर, (हेड ऑफिस)


