आगर मालवा के नलखेड़ा प्रखंड में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में शौर्य संचलन निकला। कार्यक्रम का शुभारंभ शिवाजी चौराहा पर हुआ, जहां अतिथियों ने श्रीराम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर इसे विधिवत शुरू किया। ‘अयोध्या तो केवल झांकी है, मथुरा और काशी अभी बाकी हैं’ के लगे नारे कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के समय तारीखें पूछी जाती थीं, लेकिन अब भव्य राम मंदिर स्थापित हो चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा, “अयोध्या तो केवल झांकी है, मथुरा और काशी अभी बाकी हैं।” राष्ट्रीय संयोजक बोले-आक्रांताओं ने हिंदू संस्कृति को नष्ट करने की कोशिश की प्रजापति ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए बताया कि आक्रांताओं ने हिंदू संस्कृति और मंदिरों को नष्ट करने का प्रयास किया था। उन्होंने महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे योद्धाओं के संघर्ष का उल्लेख किया, जिन्होंने ‘भगवा’ की रक्षा की। उन्होंने समाज से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जाति-पाती से ऊपर उठकर “हिंदू हम सब भाई-भाई” के भाव को सशक्त करना ही संगठन का संकल्प है। रैन बसेरा परिसर में खत्म हुआ संचलन संबोधन के बाद शौर्य संचलन शिवाजी चौराहा से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा और रैन बसेरा परिसर में समाप्त हुआ। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया। संचलन के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नलखेड़ा थाना प्रभारी नागेश यादव और सोयत थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। इस आयोजन में जिला, प्रखंड, खंड और ग्राम स्तर के पदाधिकारी तथा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


