शिवपुरी के गेस्ट हाउस में महिला की गला रेतकर हत्या:दस साल पुराने प्रेम प्रसंग में विवाद बना वजह, प्रेमी गिरफ्तार

शिवपुरी जिले के नरवर कस्बे में एक गेस्ट हाउस के कमरे में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में महिला के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मगरौनी चौकी क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी गोकुल कोली और रिंकी कोली के बीच पिछले लगभग 10 वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई। इसके बावजूद दोनों संपर्क में रहे। बताया गया है कि रिंकी का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और इसी कारण गोकुल के साथ कई बार मारपीट भी की गई थी। पति से विवाद के बाद नजदीकियां बढ़ीं
कुछ साल पहले रिंकी की शादी ग्वालियर क्षेत्र के एक युवक से हुई थी और वह दो बच्चों की मां भी बनी। हालांकि, पिछले लगभग दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके कारण रिंकी का मायके आना-जाना बढ़ गया था। इसी अवधि में रिंकी और गोकुल के बीच फिर से संपर्क हो गया। यह भी सामने आया है कि लगभग एक साल पहले रिंकी के परिजनों ने गोकुल के साथ फिर से मारपीट की थी। घटना वाले दिन रिंकी अपने मायके में थी। दोनों अलग-अलग बहाने बनाकर सुबह करीब 10 बजे नरवर पहुंचे। उन्होंने अमर शांति गेस्ट हाउस में एक कमरा किराए पर लिया। कमरे के अंदर किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गोकुल ने ब्लेड से रिंकी का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मर्डर कर खुद रिसेप्शनिस्ट को जानकारी दी
हत्या के बाद गोकुल खुद गेस्ट हाउस के रिसेप्शन पर गया और रिसेप्शनिस्ट को घटना की जानकारी दी। रिसेप्शनिस्ट ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से महिला का शव बरामद कर आरोपी गोकुल को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में करेरा एसडीओपी आयुष जाखड़ ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे सूचना मिली थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *