आगर मालवा जिले में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रविवार रात न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहा। सर्द हवाओं और ओस के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। बढ़ती ठंड के मद्देनजर नगर पालिका प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड और अस्पताल परिसर सहित सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की है। राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए लकड़ियां डलवाई जा रही हैं। सड़कों पर मवेशियों को भी अलाव का सहारा लेते देखा जा रहा है, जो ठंड की गंभीरता को दर्शाता है। ठंड के कारण आंगनवाड़ी केंद्र 2 दिन बंद बच्चों को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आठवीं कक्षा तक के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में सोमवार और मंगलवार को अवकाश घोषित किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में और गिरावट की संभावना आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूर्य की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे दिन में भी ठंड महसूस की जा रही है। सोमवार सुबह जिले में हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी कम रही और वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह सर्द मौसम अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है।


