आगर मालवा में मंगलवार को कलेक्टर प्रीति यादव ने जनसुनवाई का आयोजन किया। इसमें नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को सुना गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर आरपी वर्मा, एसडीएम मिलिन्द ढोके और डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एक समाजसेवी मृत तोते को लेकर पहुंचा और चाइना डोर पर प्रतिबंध का मुद्दा उठाया। आगर मालवा निवासी समाजसेवी धर्मेंद्र गेहलोत ने बताया कि यह तोता चाइना डोर में उलझकर उनकी छत पर गिरा था। रात भर देखभाल के बावजूद सुबह उसकी मौत हो गई। गेहलोत ने चाइना डोर की खुलेआम बिक्री पर सख्त प्रतिबंध लगाने और प्रभावी कार्रवाई की मांग की, ताकि पक्षियों की जान बचाई जा सके। तहसीलदार को जांच के निर्देश जनसुनवाई में ग्राम गुर्जरखेड़ी की संपतबाई ने अपनी कृषि भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनकी स्वामित्व वाली भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। कलेक्टर ने तहसीलदार नलखेड़ा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, मोयाखेड़ा निवासी अर्पित जैन ने डेम डूब क्षेत्र में आई अपनी भूमि के मुआवजे के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ग्राम पनाला स्थित उनकी भूमि डूब क्षेत्र में आ गई है, लेकिन उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला है। इस पर एसडीओ सुसनेर को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कई समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण इसके अतिरिक्त, लोहारिया निवासी बालचंद्र ने क्रय भूमि पत्र में नाम संशोधन, सहायक ग्रेड-03 असगर अली ने जीपीएफ, ग्रेच्युटी, समर्पित अवकाश और बीमा राशि के भुगतान से संबंधित आवेदन दिए। अन्य आवेदकों ने रास्ता विवाद, दिव्यांग पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी समस्याओं को लेकर भी आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने जनसुनवाई के दौरान मौके पर निराकरण योग्य मामलों का तत्काल समाधान किया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।


