फैसला पक्ष में, फिर भी जमीन पर नहीं मिला कब्जा:रायसेन में पीड़ित आवेदनों की माला पहनकर जनसुनवाई में पहुंचे, कलेक्टर से न्याय की लगाई गुहार

रायसेन में जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने अपनी जमीन पर कब्जा न मिलने से परेशान होकर गले में आवेदनों की माला पहन ली। पीड़ित गौराबाई लोधी अपने बेटे के साथ आवेदनों की माला पहनकर जनसुनवाई में पहुंची यहां कलेक्टर के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई। गौराबाई लोधी, जो वार्ड 4 गोपालपुर, रायसेन की निवासी हैं, ने बताया कि उन्होंने रायसेन तहसील में धारा 250 के तहत एक प्रकरण दायर किया था। इस मामले में तहसीलदार ने 5 दिसंबर 2025 को सीमांकन कर कब्जा दिलाने का आदेश दिया था। आदेश पक्ष में आने पर भी नहीं मिला कब्जा
आदेश पारित होने के बावजूद, राजस्व निरीक्षक (आरआई) और हल्का पटवारी द्वारा आज तक उनकी भूमि का सीमांकन कर कब्जा नहीं दिलाया गया है। गौराबाई का आरोप है कि इस कारण उन्हें अपनी वैध भूमि पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है और लड़ाई-झगड़े की आशंका बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर 2025 को सीमांकन की पूरी तैयारी थी, जिसमें पुलिस बल, हल्का पटवारी और मशीन सहित पूरा दल मौके पर पहुंच गया था। हालांकि, आरआई के मौके पर उपस्थित न होने के कारण सीमांकन नहीं हो पाया। इस व्यवस्था में आवेदिका के करीब 15 हजार रुपये खर्च हो गए थे। कलेक्टर ने एसडीएम को समस्या सुलझाने के लिए कहा
सीमांकन न होने के बाद गौराबाई ने 23 दिसंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) रायसेन के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। एसडीओ ने 30 दिसंबर 2025 को आरआई दुर्गेश यादव को सीमांकन करने का आदेश दिया, लेकिन आरआई द्वारा उस तिथि पर भी सीमांकन करने से इनकार किया जा रहा है। पीड़ित की बात गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के द्वारा एसडीम मनीष शर्मा के पास पहुंच कर निराकरण करने के आदेश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *