बैतूल जिले की आमला जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम लादी और आसपास के एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने मंगलवार को लादी से सारनी परासिया मार्ग का सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि 5 अक्टूबर 2023 को इस सड़क का भूमि पूजन किया गया था, लेकिन काम बंद पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि 439.20 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत यह सड़क लगभग 3.74 किलोमीटर लंबी है। कार्य शुरू होने के कुछ समय बाद ही ठेकेदार ने निर्माण बंद कर दिया, जिससे सड़क निर्माण ठप पड़ा है। यह मार्ग क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है और सारनी पावर प्लांट व पचमढ़ी मार्ग को भी जोड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग न तो किसी घाट सेक्शन में आता है और न ही किसी बड़ी नदी से बाधित है, इसलिए इसके निर्माण में कोई भौगोलिक बाधा नहीं है। इसके बावजूद, लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण काम रुका हुआ है। ग्रामीणों ने बैतूल कलेक्टर से आगामी 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य पुनः शुरू कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य शीघ्र प्रारंभ नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे। इस प्रदर्शन में ग्राम पंचायत लादी के सरपंच राजू कुमार सिलू, उपसरपंच दिलवर खान सहित लादी, रतेड़ा कला, जमदेही कला, जमदेही खुर्द, बिच्छुखान, खारी गयावानी और कोठिया गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे। प्रदर्शन का नेतृत्व राजकुमार यादव, विजय सरिया और मुन्ना माडर ने किया।


