आगर मालवा जिले में मंगलवार को हुई मावठे की बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के बाद बुधवार सुबह मौसम साफ हो गया। आसमान खुलने और धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सर्द हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को दिनभर ठंड और गर्मी का मिश्रित असर झेलना पड़ रहा है। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री रहने का अनुमान है। धूप निकलने के बावजूद सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना हुआ है। राहत की बात यह रही कि जिले में कोहरे का असर न के बराबर रहा, जिससे यातायात सामान्य बना रहा और वाहन चालकों को अधिक परेशानी नहीं हुई। आगामी दिनों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना मौसम के इस उतार-चढ़ाव से मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है। ऐसे में लोग अब सतर्क नजर आ रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने के साथ-साथ अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यदि आगामी दिनों में फिर से बारिश या ओलावृष्टि होती है, तो तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे ठंड बढ़ने की आशंका है और लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी।


