दमोह जिले में मंगलवार रात कई स्थानों पर जोरदार बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इसके कारण ठंड बढ़ गई है और किसानों को फसलों के नुकसान की आशंका है। बुधवार सुबह भी सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। पिछले दो दिनों से ठंड में कमी आई थी, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, न्यूनतम तापमान बढ़कर 16 डिग्री तक पहुंच गया है। अभाना गांव के किसान देवेंद्र कुमार ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे से तेज बारिश हुई, जिससे खेतों में पानी भर गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि कोहरे के कारण चना, मसूर और बटरी जैसी फसलों को नुकसान हो सकता है। विशेषज्ञ के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक बारिश की संभावना किसान ने कहा कि यदि आने वाले दिनों में ऐसा ही मौसम बना रहा, तो ये फसलें बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं। पुरा गांव में भी लगभग 10 मिनट तक छोटे ओले गिरे, जिससे वहां की फसलें भी प्रभावित होने की संभावना है। बुधवार सुबह शहर के कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भरा दिखाई दिया और ठंड के कारण लोगों की आवाजाही कम रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में दमोह के कई स्थानों पर बारिश और ओलावृष्टि जारी रह सकती है।


