करंट की चपेट में आने से नीलगाय की मौत:किसान ने खेत में बिछाया था करंट, वन विभाग ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सतना जिले के चित्रकूट उप वन मंडल अंतर्गत मझगवां वन परिक्षेत्र के ग्राम चौरेही में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहां एक खेत में अवैध करंट लगने से मादा नीलगाय की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान नीलगाय खेत में लगे झटका मशीन के तारों के ऊपर मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके शरीर पर करंट से झुलसने के साफ निशान थे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि उसकी मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। मझगवां के प्रभारी रेंजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि खेत मालिक रामकुमार रैकवार, निवासी ग्राम चौरेही, से मौके पर ही पूछताछ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सतना से डॉग स्क्वाड टीम भी बुलाई गई और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। जानवरों को भगाने के लिए बिछाए थे तार
तलाशी के दौरान मौके से जीआई तार, लकड़ी की खूंटियां और झटका मशीन बरामद की गई, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। जांच में यह सामने आया कि खेत की रखवाली के लिए अवैध रूप से बिजली का करंट लगाया गया था। वन विभाग ने आरोपी रामकुमार रैकवार के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार को चित्रकूट न्यायालय में पेश किया जाएगा। वन विभाग ने किसानों से अपील की है कि खेतों की सुरक्षा के लिए इस तरह के खतरनाक और अवैध तरीकों का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे वन्य जीवों के साथ-साथ लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *