आगर मालवा में AV एनर्जी कंपनी के ठेकेदार को दी धमकी के मामले में पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की है। शुक्रवार रात कॉलेज रोड आगर निवासी ठेकेदार ओमप्रकाश माहेश्वरी के घर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और उन्हें बर्डा बरखेड़ा में चल रहे AV एनर्जी कंपनी का पीओ वर्क वापस लेने के लिए धमकियां दीं। कोतवाली पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, मदनसिंह केसरिया, कृपालसिंह मंगवालिया, गौवर्धनसिंह आवर, धीरजसिंह अम्बादेव, देवीसिंह मंगवालिया सहित 50-100 लोगों ने ठेकेदार के घर के बाहर गालियां दीं। कुछ आरोपी घर के अंदर घुस गए और धमकी दी कि अगर पीओ वर्क वापस नहीं लिया तो काम नहीं करने देंगे। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पहले भी लगे आरोप सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा ने बताया कि इस मामले में 6 लोगों को नामजद किया गया है और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इससे पहले भी किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कंपनी पर जमीन जबरन लेने के आरोप लगाए थे। घटना वाले दिन आरोपी पक्ष ने विधायक मधु गेहलोत से भी मुलाकात की थी। जिसके बाद विधायक थाने पहुंचे और करीब एक घंटे तक आरोपी पक्ष से चर्चा की। क्षेत्र में AV एनर्जी कंपनी की ओर से किसानों की जमीन पर बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। जिसको लेकर समय-समय पर विवाद की स्थिति बनती रही है। कभी जमीन अधिग्रहण को लेकर तो कभी काम में बाधा डालने को लेकर मामले सामने आते रहे हैं।


