बैतूल में टीबी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान ने पहले महीने में ही बड़ी सफलता हासिल की है। 7 दिसंबर से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 2 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई है, जिसमें 175 टीबी मरीज चिह्नित किए गए हैं। टीबी नोडल अधिकारी डॉ. आनंद मालवीय के अनुसार, जिले में अब तक 1619 निक्षय शिविरों का आयोजन किया गया है। जिले को मिले 3 लाख 88 हजार 171 के लक्ष्य के विरुद्ध 10 जनवरी तक 2 लाख 370 लोगों की जांच पूरी की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी की जांच को और प्रभावी बनाने के लिए निजी संस्थाओं से एक्स-रे सुविधा के लिए अनुबंध भी किया है। मरीजों की मदद के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के प्रयासों से 1 लाख 70 हजार रुपए की राशि एकत्रित की गई है, जिससे मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए जा रहे हैं। अब तक 101 मरीजों को फूड बास्केट दिए जा चुके हैं और 211 मरीजों के खातों में पोषण योजना के तहत राशि भेजी जा चुकी है। आने वाले सप्ताह से मोबाइल वैन के माध्यम से स्क्रीनिंग का कार्य और तेज किया जाएगा।


