भरतपुर श्री जसवंत मेला प्रदर्शनी में 52 फीट के रावण, 41 फीट के कुंभकरण, 35 फीट के मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी के रहने वाले साबू फारुखी और उनकी टीम ने रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों को तैयार किया है। साबू फारुखी की चार पीढ़ी भरतपुर में तीनों के पुतले बनाते आ रहीं हैं। इस बार तीनों के पुतलों में करीब 1 लाख रुपए की आतिशबाजी लगाई गई है। पहली बार रावण दहन से पहले भगवान राम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। आग लगते ही रावण की आंखें घूमेंगी साबू फारुखी ने बताया कि हर साल यह कोशिश रहती है कि रावण दहन आकर्षित बनाया जाए। रावण के पुतले में आतिशबाजी इस तरह से लगाई है कि आग लगाते ही रावण की आंखें घूमने लगेंगी। पुतले से आसमान में रंग बिरंगी आतिशबाजी निकलेगी। यह देखने में काफी आकर्षित रहेगा। पहली बार निकाली जाएगी राम शोभायात्रा वहीं मेला अधिकारी रामकिशन महावर ने बताया कि रावण दहन से पहले दोपहर 3 बजे भगवान राम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा पशुपालन विभाग की तरफ से निकाली जाएगी। शहर मुख्य बाजारों से यह शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा में भगवान श्री राम, माता सीता और भगवान हनुमान का स्वरूप रखे कलाकार मौजूद रहेंगे। रावण दहन के दौरान भीड़ को नियंत्रण करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी भीड़ पर नजर रखी जायेगी।


