भास्कर संवाददाता|गुना ब्रह्म वृंदावन से आचार्य कुटी गौ सेवा संस्थान बजरंगगढ़ पहुंचे आचार्य 1008 श्री राम प्रपन्नाचार्य का प्रवास प्रारंभ हो गया है। उनके आगमन पर आचार्य कुटी गौ सेवा परिवार बजरंगगढ़ एवं गुना के सेवकों द्वारा भावपूर्ण चरण वंदना कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। संस्थान में गुरुदेव के आगमन से भक्तों और सेवकों में विशेष उत्साह का वातावरण है। आचार्य कुटी गौ सेवा संस्थान जिला गुना में आचार्य श्री राम प्रपन्नाचार्य महाराज के तत्वावधान में संचालित हो रही है। इस गौशाला में लगभग ढाई सौ गाय एवं बैल संरक्षित हैं, जिनमें गीर, साहीवाल, हरियाणवी, मेवाती, नागोरी सहित देशी नस्ल की गाय शामिल हैं। गौ सेवा के अंतर्गत महाराज प्रतिदिन स्वयं अपने हाथों से गायों को लगभग 10 किलो आटे की रोटी एवं गुड़ का भोग अर्पित करते हैं। गौशाला में महाराज का विश्राम काल चल रहा है और वे 15 जनवरी तक यहां मौजूद रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए गुरुदेव से मिलने का समय दोपहर 1 से 2 बजे तथा सायं 5 से 6 बजे निर्धारित किया गया है। इस दौरान श्रद्धालु आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। गौ सेवा परिवार की ओर से नववर्ष के अवसर पर 1 जनवरी को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिन गौ माता की विधिवत पूजा, सत्संग एवं प्रसादी का आयोजन रखा गया है।


