तलेन|शुक्रवार देर शाम एक प्रसूता का प्रसव एंबुलेंस में करवाने की िस्थति बन गई। हालाकि हाइरिस्क डिलेवरी के लिए महिला को शाजापुर अस्पताल ले जा रहे 108 एंबुलेंस के स्टाफ ने सारंगपुर के नजदीक महिला का प्रसव सुरक्षित रूप से करवा दिया। दरअसल शुक्रवार शाम बोड़ा निवासी गर्भवती आरती भिलाला को प्रसव पीड़ा के दौरान ब्लड प्रेशर बढ़ने पर बोड़ा अस्पताल से जिला अस्पताल शाजापुर रेफर किया गया। शाजापुर ले जाते समय रास्ते में प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई। ऐसे में एंबुलेंस को सारंगपुर के पास सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोकना पड़ा। इस दौरान एंबुलेंस में तैनात ईएमटी राहुल मालवीय और पायलट जितेंद्र यादव ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तत्काल प्रसव की प्रक्रिया करवाई। एंबुलेंस में ही सुरक्षित तरीके से डिलीवरी कराई गई, जिसमें मां और नवजात पुत्र दोनों स्वस्थ रहे। प्रसव के बाद मां और बच्चे को प्राथमिक उपचार देने के उपरांत शासकीय अस्पताल सारंगपुर में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। परिजनों ने एंबुलेंस स्टाफ की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। समय पर लिए गए निर्णय और सही चिकित्सा सहयोग से एक बड़ी अनहोनी टल गई।


