आजमगढ़ जिले के तरवा थाना क्षेत्र के बोंगरिया चौकी पर तैनात सब इंस्पेक्टर रतन सिंह का महिला के साथ गाली गलौज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सब इंस्पेक्टर महिला की बेटी को अभद्र और अमर्यादित गाली दे रहे हैं। जिसके जवाब में महिला ने भी चौकी प्रभारी की बीवी को जमकर गाली दी। इस गाली गलौज का वीडियो सामने आने के बाद जिले के एसपी हेमराज मीणा ने चौकी प्रभारी रतन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही मामले की जांच एएसपी को सौंप दी गई है। सोशल मीडिया में आए वीडियो का एसपी ने लिया संज्ञान आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के बोंगरिया पुलिस चौकी पर तैनात सब इंस्पेक्टर रतन सिंह किसी भागी लड़की की बरामदगी के बारे में बात कर रहे थे। इस पर चौकी इंचार्ज कुछ कहते हैं जिसके बाद महिला यह कहते सुनाई पड़ती है कि ज्यादा मत बोलिएगा। इसके बाद चौकी इंचार्ज गाली गलौज करने लगते हैं। इसी दौरान महिला ने भी चौकी इंचार्ज की पत्नी को गाली देने लगी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार की देर रात जिले के एसपी हेमराज मीणा ने गालीबाज सब इंस्पेक्टर रतन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही मामले की जांच के निर्देश भी दे दिए गए हैं। जिले में गाली गलौज करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं।


