आजाद नगर में युवकों का परिवार पर हमला:युवती से मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद, मारपीट और कार में तोड़फोड़; कई घायल

इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक परिवार के साथ मारपीट और कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। परिवार के लोग घर की लड़की से मोबाइल पर बात करने को लेकर एक युवक को समझाने पहुंचे थे, लेकिन युवक ने अपने साथियों को बुलाकर उन पर हमला कर दिया। आजाद नगर पुलिस के अनुसार, गोविंद पुत्र हरिप्रसाद, निवासी देवास की शिकायत पर लक्की कदम (पुत्र संतोष कदम, निवासी मूसाखेड़ी) और उसके साथी आकाश (पुत्र विश्राम जाटव), भय्यू और चीनी (पुत्र बबलू, निवासी शिवनगर) के खिलाफ मारपीट और तोड़फोड़ का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता गोविंद अपने भाई दिलीप, बहन रेखा और अन्य रिश्तेदारों के साथ रात करीब 10 बजे टवेरा कार से रिश्तेदार संतोष कदम के घर पहुंचे थे। आरोप है कि संतोष का बेटा लक्की उनकी परिवार की बेटी से मोबाइल पर बात करता था, जिसे लेकर वे उसे समझाने पहुंचे थे। इसी दौरान लक्की ने अपने दोस्तों को बुला लिया और सभी ने गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया। पीड़ितों ने किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने की कोशिश की तो आरोपियों ने ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। डर के कारण जब परिवार कार में बैठा तो आरोपियों ने कार पर भी पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में गोविंद, उसका भाई दिलीप, भाभी सरोज, बहन रेखा सहित अन्य रिश्तेदार घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *