आज की गई मेहनत ही अच्छे भविष्य की नींव है : साध्वी करमाली भारती

भास्कर न्यूज | फिरोजपुर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान फिरोजपुर द्वारा स्थानीय आश्रम में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आशुतोष महाराज की परम शिष्या साध्वी करमाली भारती ने धर्मसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारा भविष्य हमारे हाथ में है। हम आज जो करेंगे वही हमारा भविष्य होगा। जैसे एक छात्र स्कूल जाता है, अगर वह आज कड़ी मेहनत करके अच्छी शिक्षा प्राप्त करता है, तो उसका भविष्य भी अच्छा होता है। लेकिन इसके विपरीत यदि वह आज गलत कार्यों में समय बिता रहा है, उसकी संगति गलत है तो आने वाला समय उसके लिए अच्छा नहीं हो सकता। वह अच्छे जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकता। साध्वी ने अपने विचारों में आगे कहा कि आज की गई मेहनत ही हमारे अच्छे भविष्य की नींव है। जिस प्रकार किसान द्वारा बोया गया बीज तभी फल देता है जब वह मिट्टी की गर्मी को सहन करता है। उसी प्रकार आज की मेहनत हमें कल फल देगी। उन्होंने कहा कि आज के समाज में युवक-युवतियां गलत संगत में पड़कर गलत राह पर चलकर अपना भविष्य बर्बाद कर लेते हैं। फिर बाद में समय निकल जाने पर पछताते हैं, जबकि हमारे संत महापुरुष भी हमें समझाते हैं कि समय के साथ-साथ अपने जीवन का भी ध्यान रखना चाहिए, समय बीत जाने पर पछताने से कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति गलत संगति के प्रभाव में आ जाता है तो उसे पता ही नहीं चलता कि क्या गलत है और क्या सही है। हमारे संत ही हमें सही और गलत का बोध करा सकते हैं जिससे हमारा वर्तमान और भविष्य सुनहरा हो सकता है। हमें अच्छे विचारों को अपनाना चाहिए। पूर्ण संत के सत्संग में जाना चाहिए। जहां हमें जिंदगी जीना सिखाया जाता है। अंत में बहन नैन्सी जी ने कीर्तन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *