भास्कर न्यूज | लुधियाना हर हर महादेव शिवरात्रि महोत्सव कमेटी द्वारा आज संत समाज के सानिध्य में चेयरमैन जीवन गुप्ता और प्रधान अश्वनी बहल की अध्यक्षता में भगवान भोलेनाथ की विशाल रथयात्रा निकाली जा रही है। रथयात्रा के स्वागत के लिए पूरे मार्ग को विशेष चमचमाती रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। इसके अलावा पूरे यात्रा मार्ग पर भगवा रंग की लड़ियां भी बिछाई गई हैं। सुभाष नागपाल ने बताया कि आज भोले बाबा की भव्य बारात निकलेगी, जिसमें भगवान पंचमुखी शिवलिंग के रूप में सपरिवार भक्तों को दर्शन देंगे। संजीव बांसल ने बताया कि यह रथयात्रा श्री दुर्गा माता मंदिर जगराओं पुल से दोपहर 1 बजे शुरू होकर फव्वारा चौक, घुमार मंडी और आरती चौक से होती हुई श्री नवदुर्गा मंदिर के सामने आई-ब्लॉक मार्केट सराभा नगर में महाआरती के साथ विश्राम लेगी। जगह-जगह लंगर और भंडारों के साथ भक्तों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। चेयरमैन जीवन गुप्ता ने बताया कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बनवारी हरजाई के अनुसार आरती चौक में विशाल मंच लगाकर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे प्रधान अश्वनी बहल ने बताया कि महिला संकीर्तन मंडल की सविता बहल, सोनिया बहल, राधिका शर्मा, मीनू गुप्ता सहित अन्य महिलाएं रथ के आगे शिव-पार्वती का गुणगान करेंगी। इस अवसर पर पं. सुशांत शर्मा, गुरमीत सिंह बत्रा, मनिंदर सिंह आहूजा, गुरचरण सिंह, गुरमिंदर सिंह बत्रा, हरपाल सिंह निमाना, दर्शन सिंह दर्शी, राजू बंगा, रॉबिन नंदा, विन्नी बत्रा, विशाल गोसाई, राजकुमार जुनेजा, विपन टुटेजा और अन्य सदस्य व्यवस्था संभालने के लिए उपस्थित रहे।


