राज्य के 11 जिलों में 09 मार्च को बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी। विभाग के अनुसार, 6 मार्च से ही दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छाने के आसार हैं। सात से 10 मार्च तक राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। इस दौरान गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि रांची पर इसका असर थोड़ा कम रहेगा, शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम बदलेगा और 9 मार्च को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में 7 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, आठ और नौ मार्च को 14 जिलों में हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 10 मार्च को राज्य के 13 जिलों में हल्के दर्जे की बारिश होने के आसार हैं, जबकि 11 जिलों में गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों में कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, गिरिडीह, दुमका, हजारीबाग, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और धनबाद शामिल हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होगी। बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, गर्मी का तपिश लोग दिन के अलावा रात में भी महसूस करेंगे। गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और मध्यम दर्जे की हवा चली। इससे दिन में धूप में कम तपिश महसूस की गई। रांची में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 12 जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार रहा इधर, गुरुवार को 12 जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार रहा। चाईबासा का तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस और सरायकेला का अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा। वहीं, रांची, जमशेदपुर, डाल्टनगंज, बोकारो, देवघर, सिमडेगा, गुमला और खूंटी जिले का तापमान भी 30 के पार रहा। राजधानी रांची का भी पारा 30 डिग्री के पार रहा। मार्च के दूसरे सप्ताह में पारा 35 डिग्री के पार जाने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने का दिख रहा असर बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, जिसके कारण मौसम में एक बार फिर परिवर्तन होगा। इसका असर रांची समेत झारखंड के सभी जिलों में देखने को मिलेगा। 6 मार्च को दोपहर बाद आसमान में बादल छाएंगे। जिसके बाद 7 से 10 मार्च तक गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि इससे तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं होगा, 2-3 डिग्री पारा चढ़ेगा। असर : मौसम में लगातार परिवर्तन के कारण लोगों को मौसमी बीमारियां भी हो रही हैं। सभी उम्र के लोगों को सर्दी-जुकाम की समस्या हो रही है। खांसी से भी लोग परेशान हैं। खासकर छोटे बच्चों को वायरल बुखार भी हो रहा है। मौसम बदलने पर वायरल संक्रमण बढ़ रहे हैं। गले में खराश, हल्का बुखार, बदन दर्द से लोग परेशान है। -अभिषेक आनंद, मौसम वैज्ञानिक


