राजधानी रांची में एक बार फिर केरल की समृद्ध संस्कृति का भव्य आयोजन होने जा रहा है। रांची स्थित मलयाली एसोसिएशन झारखंड की ओर से 3 और 4 जनवरी को ‘केरल फेस्ट’ का आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय महोत्सव धुर्वा स्थित केरलि स्कूल परिसर में होगा। मलयाली एसोसिएशन ने बताया कि केरल की सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं को झारखंड के लोगों के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में केरल की पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक प्रदर्शनी और केरल के प्रसिद्ध व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। 3 जनवरी को उद्घाटन समारोह में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, 4 जनवरी को समापन समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।


