आज से विनय सिंह 7 दिन एसीबी की रिमांड पर, होगी लंबी पूछताछ

आय से अधिक संपत्ति मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) शनिवार से अॉटोमोबाइल कारोबारी विनय कुमार सिंह से पूछताछ करेगी। एसीबी को विनय सिंह से पूछताछ के लिए 7 दिनों की रिमांड मिली है। वहीं, रांची के एक अन्य कारोबारी श्रवण जालान व उनके करीबी रिश्तेदार दुमका निवासी नवीन पटवारी को भी एसीबी ने 29 दिसंबर को रांची स्थित मुख्यालय में उपस्थित होने के लिए नोटिस किया है। तीनों निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के करीबी सहयोगी हैं। इन पर विनय कुमार चौबे के काले धन को निवेश करने का आरोप है। कारोबारी श्रवण जालान पर विनय चौबे के काले धन को कई तरह के धंधे में निवेश करने का आरोप है। वहीं, उनके रिश्तेदार नवीन पटवारी का दुमका में टायर का व्यवसाय है। शेल कंपनियों में काला धन निवेश की चल रही है जांच एसीबी को जानकारी मिली है कि विनय कुमार चौबे ने शेल कंपनियों के माध्यम से अपने काले धन को सफेद कराया। आरोप है कि इन शेल कंपनियों के संचालन में भी उनके कई करीबियों की अहम भूमिका रही है। इन कंपनियों के माध्यम से कितने काले धन सफेद किए गए, एसीबी इसकी भी जानकारी ले रही है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एसीबी ने 24 नवंबर को एसीबी थाना रांची में 7 के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *