जिन पुलों का मुद्दा सांसद औजला ने हफ्ता पहले संसद में उठाया, उसी के लिए मैडम गडकरी से दिल्ली में मिलीं

भास्कर न्यूज | अमृतसर 8 दिसंबर को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद पूर्व विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू राजनीति में सक्रिय हो गई हैं। पहले वह कांग्रेस लीडरशिप पर 500 करोड़ रुपए लेकर मुख्यमंत्री बनाने के आरोप लगाने पर पार्टी से सस्पेंड की गई। मगर इसके बाद भी वह बार-बार केंद्र सरकार या भाजपा के नेताओं के साथ उन संगठनों से संपर्क बना रही हैं, जो कांग्रेस की राजनीति का असर डाल सकते हैं। बीते रोज वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में मिली। उन्होंने पूर्वी विधानसभा हलके में वल्ला फ्लाइओवर और उत्तरी हलके के लोहारका रोड फ्लाईओवर का काम जल्द पूरा करवाने की मांग की । यह मुलाकात हैरान करने वाली है, क्योंकि अमृतसर से कांग्रेस के गुरजीत औजला पिछले हफ्ते ही संसद सैशन में इन पुलों का काम जल्द करवाने की मांग रख चुके हैं। ऐसे में मैडम का उसी मांग को लेकर गडकरी से मिलना सवाल खड़े करता है। यही नहीं मैडम ने दो दिन पहले अमृतसर आए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया को भी ओएसडी के जरिए एक पत्र सौंपा है। इसमें उन्होंने बेसहारा गायों को जमीन दिलाने के लिए हिंदू परिषद के साथ आंदोलन छेड़ने की अपील की है। जिन गडकरी से अप्वाइंटमेंट के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को संसद में मिन्नत करनी पड़ी थी, उन्होंने मैडम से तुरंत ​मुलाकात कर ली। जिस मुद्दे को लेकर वह मिलीं वह भी पहले से औजला गडकरी के सामने रखे चुके थे। सिद्धू का 20 दिन में पहले राज्यपाल, फिर तोगड़िया को लेटर देना और अब गडकरी से मिलना बिन सोची समझी घटना नहीं लगती। ​कुछ राजनीतिक मुलाकात को कांग्रेस पर दबाव बनाने का हथकंडा बताते हैं। खालसा कॉलेज के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर जगरूप सिंह सेखों का कहना है कि हालिया घटनाक्रम ने कांग्रेस पार्टी से ज्यादा सिद्धू दंपति की इमेज को डेमेज किया है। कांग्रेस में सिद्धू दंपति के विरोधी कहे जाने वाले कुछ नेता कहते हैं कि मैडम को पार्टी का हाईकमान मिलने का समय नहीं दे रहा। ऐसे में सिद्धू हड़बड़ाहट भरे दांव खेल रही हैं। उधर, नवजोत सिंह अमृतसर में ही थे, मगर गडकरी से मिलने पत्नी के साथ नहीं गए। 500 करोड़ रुपए वाले बयान के बाद पंजाब लीडरशिप सिद्धू का विरोध कर रही है। बताया जा रहा है कि इसी विरोध के कारण हाईकमान सिद्धू दंप​ति से मिलने से दिलचस्पी नहीं दिखा रहा। हाईकमान के ऐसे रवैये के कारण सिद्धू नई समीकरण ​बैठाने की कोशिश कर रही हैं। मैडम की गडकरी से मुलाकात के बाद शुक्रवार रात पौने आठ बजे सांसद औजला ने सोशल मी​डिया पर पोस्ट डाला। इसमें उन्होंने लोहरका रोड, वल्ला, एलिवेटेड एयरपोर्ट रोड, गुमटाला बाइपास, गोल्डन टेंपल रिंग रोड के प्रोजेक्टों का जिक्र करते हुए लिखा, ” आपके सांसद के तौर पर मैं अमृतसर की आवाज संसद में लगातार बुलंद कर रहा हूं।’ पोस्ट में पुलों के निर्माण को संसद मुद्दा उठाने का वीडियो भी उन्होंने पोस्ट किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *