लखनऊ में आज अशोक लेलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री एच.डी. कुमार स्वामी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे। सरोजनी नगर में करीब 70 एकड़ क्षेत्रफल में यह फैक्ट्री बनी है। यह प्रदेश की पहली ई-बस निर्माण फैक्ट्री है। इसका निर्माण मात्र 14 महीने में किया गया है। कंपनी और राज्य सरकार इसे रिकॉर्ड निर्माण अवधि मान रही है। आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस प्लांट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि आगे उत्पादन क्षमता को आसानी से बढ़ाया जा सके। 2500 बसों का होगा उत्पादन यह संयंत्र उत्तर प्रदेश में बनने वाली पहली इलेक्ट्रिक बस का व्यवसायिक उत्पादन केंद्र होगा। उद्घाटन के साथ ही यहां से ईवी बसों का रोलआउट शुरू होने की तैयारी है, जिसे राज्य में इलेक्ट्रिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। कंपनी के मुताबिक, शुरुआती चरण में इस प्लांट में हर साल 2,500 इलेक्ट्रिक बसों का निर्माण किया जाएगा। मांग और संचालन के विस्तार के साथ अगले चरण में इस क्षमता को बढ़ाकर 5,000 बस प्रति वर्ष करने की योजना है। इसके लिए फैक्ट्री लेआउट, असेंबली लाइन और लॉजिस्टिक्स को मॉड्यूलर सिस्टम पर तैयार किया गया है।


