राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की बुरहानपुर यात्रा की याद में सोमवार को रेलवे स्टेशन परिसर में एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। यह सभा जिला सर्वोदय मंडल और गांधी ग्लोबल फैमिली बुरहानपुर द्वारा आयोजित की गई थी। इतिहास के अनुसार, महात्मा गांधी 8 दिसंबर 1933 को मध्य प्रदेश के दौरे पर बुरहानपुर आए थे। उन्होंने तत्कालीन रॉबर्ट सन हाईस्कूल (जो अब सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय है) में एक जनसभा को संबोधित किया था। लौटते समय ट्रेन में देरी होने के कारण उन्होंने अपनी सांयकालीन प्रार्थना सभा बुरहानपुर रेलवे स्टेशन परिसर में ही की थी। इसी ऐतिहासिक घटना को ताजा करने के उद्देश्य से, जिला सर्वोदय मंडल और गांधी ग्लोबल फैमिली बुरहानपुर ने 8 दिसंबर को रेलवे स्टेशन परिसर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। जिला सर्वोदय मंडल के प्रो. विजय दीक्षित और तसलीम मर्चेंट ने गांधीजी के विचारों को साझा करते हुए बताया कि महात्मा गांधी प्रार्थना को अपने जीवन में अत्यधिक महत्व देते थे। वे इसे आत्मा की पुकार और आत्मनिरीक्षण की एक महत्वपूर्ण क्रिया मानते थे। इस अवसर पर महापौर माधुरी अतुल पटेल ने कहा कि गांधीजी ने जिस स्थान पर सभा की थी, उसी स्थान पर आज यह सभा हुई है। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसी सभाएं हर साल आयोजित की जानी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी महात्मा गांधी के जीवन और विचारों से प्रेरणा ले सके। ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रविंद्र महाजन ने महात्मा गांधी को देश की आजादी दिलाने में उनके योगदान के लिए याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बुरहानपुर में गांधीजी का एक स्मारक बनाने की इच्छा व्यक्त की, क्योंकि इस स्थान से उनकी यादें जुड़ी हैं। देखिए तस्वीरें…


