आज होगा खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ:तात्या टोपे स्टेडियम में कैलाश खेर–कैलासा बैंड की होगी लाइव प्रस्तुति

राजधानी भोपाल आज खेलों के बड़े उत्सव की साक्षी बनने जा रही है। खेलो एमपी यूथ गेम्स का राज्य स्तरीय शुभारंभ आज शाम 6:30 बजे तात्या टोपे स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ होगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्टेडियम को विशेष रूप से सजाया गया है। खेल, युवा और ऊर्जा से भरपूर इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। प्रदेश के खेल प्रेमियों और युवाओं में समारोह को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कैलाश खेर–कैलासा बैंड बनाएंगे शाम को यादगार
शुभारंभ समारोह को खास बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को केंद्र में रखा गया है। सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर अपनी टीम कैलासा बैंड के साथ लाइव परफॉर्मेंस देंगे। इसके साथ ही India’s Got Talent फेम डांस ग्रुप की रोमांचक एयरोबेटिक प्रस्तुति, भव्य मार्च-पास्ट और खेल भावना को दर्शाती विशेष नृत्य-नाटिका समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के अनुसार, इस बार खेलो एमपी यूथ गेम्स को नए और व्यापक स्वरूप में आयोजित किया गया है। खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के समन्वय से यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर टीम चयन और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मजबूत मंच बनेगा। एक लाख से ज्यादा खिलाड़ियों की भागीदारी
खेलो एमपी यूथ गेम्स अब प्रदेश में खेलों के जनआंदोलन के रूप में स्थापित हो चुका है। इस संस्करण में मध्यप्रदेश के ग्रामीण, शहरी और आदिवासी अंचलों से एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के बाद चयनित खिलाड़ी अब 28 खेलों में राज्य स्तरीय मुकाबलों में अपनी प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *