ग्वालियर में बाइक सवार बदमाशों ने लूटा मोबाइल:छात्र फोन पर बात करते हुए कोचिंग जा रहा था, पीछे आकर बदमाशों ने मारा झपट्टा

ग्वालियर में हाई अलर्ट के बीच बाइक सवार दो बदमाशों ने एक छात्र से मोबाइल छीन लिया। घटना के समय छात्र मोबाइल पर बात करते हुए कोचिंग जा रहा था। जैसे ही वह माधौगंज गुढ़ा स्थित इंडेन गैस गोदाम के पास पहुंचा, पीछे से आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। यह घटना रविवार शाम माधौगंज गुढ़ा इलाके की है। गणतंत्र दिवस की तैयारियों में व्यस्त पुलिस ने सोमवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। माधौगंज गुढ़ा स्थित शिव कॉलोनी, गली नंबर-01 के रहने वाले 43 वर्षीय मनोज कुमार शाक्य ने थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा ऋषभ शाक्य दसवीं कक्षा का छात्र है। रविवार शाम ऋषभ घर से पैदल गुढ़ा पुलिया होते हुए कोचिंग जा रहा था। तब ही यह घटना हुई। वारदात के बाद छात्र ने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बाइक सवार तेज रफ्तार में भाग निकले। घटना के बाद छात्र घर पहुंचा और पूरी जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद पिता बेटे को लेकर माधौगंज थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। एमटी यामाहा बाइक पर सवार थे बदमाश छात्र ने पुलिस को बताया कि दोनों बदमाश सामान्य कद-काठी के थे और एमटी यामाहा बाइक पर सवार थे। वारदात के समय दोनों ने चेहरे पर साफी बांध रखी थी। भागने के रूट पर CCTV खंगाल रही पुलिस छात्र के अनुसार मोबाइल लूटने के बाद बदमाश बेटी बचाओ चौराहे की ओर भागे थे। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बेटी बचाओ चौराहे तक लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बदमाशों का सुराग मिल जाएगा। माधौगंज थाना पुलिस का कहना है कि एक नाबालिग छात्र से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल लूट लिया है। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *