आठ साल से फरार 40 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार:जोधपुर रेंज की स्पेशल टीम ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कार्रवाई की, भोजासर थाना क्षेत्र से पकड़ा

जोधपुर रेंज की स्पेशल टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन अलग-अलग जिलों में 8 साल से फरार चल रहे 40 हजार रुपए के इनामी अपराधी मालाराम पुत्र हडमानराम विश्नोई को गिरफ्तार किया है। मालाराम छितरबेरा, थाना भोजासर का निवासी है और उसे भोजासर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। कुख्यात डोडा पोस्त तस्कर है आरोपी जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजेश मीना ने बताया- मालाराम एक कुख्यात डोडा पोस्त तस्कर है। उसके खिलाफ वर्ष 2011 में थाना भवानीमंडी (झालावाड़), वर्ष 2017 में थाना मसूदा (अजमेर) और वर्ष 2017 में थाना बालेसर (जोधपुर ग्रामीण) में डोडा-पोस्त तस्करी के मामले दर्ज हुए थे। आरोपी ने जमानत पर भी तस्करी जारी रखी इन प्रकरणों में जमानत मिलने के बाद भी मालाराम ने डोडा पोस्त की तस्करी जारी रखी। वर्ष 2018 में बालेसर में उसका 22 क्विंटल डोडा पोस्त से भरा ट्रक पकड़ा गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए जोधपुर ग्रामीण एसपी ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। डोडा पोस्त से भरा ट्रक और एसयूवी पकड़ी गई थी इसके अतिरिक्त, वर्ष 2019 में प्रतापगढ़ के धोलापानी थाना क्षेत्र में उसका एक और ट्रक पकड़ा गया था, जिसमें वह फरार था और उस पर 5,000 रुपए का इनाम था। वर्ष 2021 में चित्तौड़गढ़ के सदर थाना क्षेत्र में डोडा पोस्त से भरी एक एसयूवी पकड़ी गई थी, इस मामले में भी मालाराम फरार था और उस पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित था। नाम बदलकर छिप रहा था आरोपी फरारी के दौरान कुख्यात तस्कर मालाराम मेवाड़ क्षेत्र में रहकर अपना अवैध कारोबार चला रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह छद्म नामों से विभिन्न स्थानों पर रह रहा था। हाल ही में रेंज स्तरीय विशेष टीम के कॉन्स्टेबल किशोर को सूचना मिली कि मालाराम नववर्ष पर अपने गांव आने वाला है। कई ठिकानों पर की छापेमारी इस सूचना पर जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजेश मीना के निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर देवाराम के नेतृत्व में एक टीम ने रेकी शुरू की। कॉन्स्टेबल किशोर दुक्तावा और सेठा राम ने कई दिनों तक फलोदी क्षेत्र में गोपनीय रूप से रेकी कर मालाराम के छिपने के संभावित ठिकानों का पता लगाया। शनिवार तड़के गोपनीय सूचना के आधार पर रेंज स्पेशल टीम और भोजासर थाना पुलिस ने मालाराम के घर से दूर एक फार्म हाउस की घेराबंदी कर उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़ने वाली टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *