भास्कर न्यूज | अमृतसर डायोसिस ऑफ अमृतसर सीएनआई ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले को कायरतापूर्ण, क्रूर और अमानवीय’ करार दे उसकी निंदा की है। चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया ने पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए एक प्रार्थना सभा आयोजित की। इस प्रार्थना सभा में ईसाई समुदाय के सदस्य हिंसा के इस मूर्खतापूर्ण कृत्य से प्रभावित लोगों को सांत्वना, शांति और शक्ति प्रदान करने के लिए एकत्रित हुए। इस कार्यक्रम में प्रार्थना, भजन और शोक संदेश शामिल थे। द राइट रेवरेंड मनोज चरन बिशप, डायोसिस ऑफ़ अमृतसर चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया ने इस दु:खद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और पीडितों के परिवारों को जल्द से जल्द न्याय दिलवाए। इस प्रार्थना सभा में ईसाई समुदाय के सदस्य, पादरी और डायोसिस के पदाधिकारी शामिल हुए।


