भास्कर न्यूज | राजनांदगांव कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में संचालित स्वदेशी संकल्प यात्रा 27 नवंबर को छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगी। स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत एवं वोकल फॉर लोकल के संदेश को व्यापक जन समुदाय तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह निकली है। यह राष्ट्रीय यात्रा प्रदेश के व्यापारी समुदाय और स्थानीय उद्योग जगत में ऊर्जा का संचार करेगी। यात्रा के छत्तीसगढ़ प्रवास का प्रादेशिक चरण राजनांदगांव से समारोह से होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति ने राजनांदगांव में उनसे मुलाकात कर यात्रा का शुभारंभ एवं झंडी दिखाकर रवाना करने का निवेदन किया। व्यापारी और उद्यमियों के लिए प्रेरक अभियान होगा। कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी तथा स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल ने बताया विधानसभा अध्यक्ष की उपस्थिति यात्रा ऐतिहासिक होगी। अभियान प्रदेश में व्यापारियों, उद्यमियों और स्वयं सेवकों को स्वदेशी आधारित व्यापारिक मॉडल की ओर और अधिक सक्रिय करेगा। यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों में व्यापारिक संगठनों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अन्य जानकारी भी दे रहे हैं। मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना छोटे एवं मध्यम व्यापार को मजबूत करना, वोकल फॉर लोकल को जन आंदोलन का स्वरूप देना, सभी संगठनों से जुड़ने का आव्हान किया गया है। स्वदेशी जागरण मंच ने प्रदेश के व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अपील करते कहा स्वदेशी संकल्प यात्रा में सहभागिता कर आत्म निर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करें। डॉ. रमन सिंह से मुलाकात के दौरान अमर पारवानी, जगदीश पटेल, विक्रम सिंहदेव, जीवत बजाज, परमानन्द जैन, अवनीत सिंह, राजेन्द्र खटवानी मौजूद रहे।


