लुधियाना| श्रीगंगानगर से लुधियाना आ रहा बूरा कट्टी से भरा ट्रक मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे आत्म पार्क के पास फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में भले ही कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इसका खामियाजा हजारों लोगों को भुगतना पड़ा। ट्रक पलटने के कारण ट्रैफिक पुलिस ने भारत नगर चौक से समराला चौक की ओर जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर जगराओं पुल से निकाला। इसलिए भारत नगर चौक से जगराओं तक सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक ट्रैफिक रेंगता रहा। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर 3 बजे जब क्रेन से पलटे ट्रक को हटाया गया, तब जाकर फ्लाईओवर पर ट्रैफिक सामान्य हो पाया। वहीं, ट्रक चालक के मुताबिक, अचानक एक कार सामने आ गई थी, जिसे बचाने के प्रयास में ट्रक पलट गया। हालांकि, झपकी आने की आशंका भी जताई जा रही है। भारत नगर चौक से जगराओं पुल तक सुबह 6 से दोपहर 3 बजे तक ट्रैफिक रेंगता रहा।


