धार जिले के सरदारपुर तहसील के लाबरिया स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था के प्रबंधक गोवर्धनलाल मारु पटेल के ठिकानों पर लोकायुक्त की कार्रवाई चल रही है। लोकायुक्त की कई टीमें मारु के घर, फॉर्म हाउस और संस्था के लाबरिया कार्यालय में पिछले 6 घंटे से छापेमारी कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह लगभग 5:30 बजे लोकायुक्त के लगभग 18 चार पहिया वाहनों का काफिला लाबरिया पहुंचा। इसके बाद टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच शुरू की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कार्रवाई के दौरान बड़े स्तर पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा न आए। टीमें अंदर मौजूद दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहनता से जांच कर रही हैं। लोकायुक्त की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सुबह-सुबह शुरू हुई कार्रवाई से लाबरिया और आसपास के क्षेत्र में हलचल देखी जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों की जांच से संबंधित हो सकती है। फिलहाल कार्रवाई जारी है।


