धमतरी | भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री खूबलाल ध्रुव ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद पर साय सरकार की नीति स्पष्ट है। आदिवासियों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास हो रहा है। कोई आदिवासी भटककर नक्सलवाद की ओर जाता है, तो वह नक्सली बन जाता है। सरकार ऐसे लोगों को वापस लाने के लिए लगातार सहयोग कर रही है। खूबलाल ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी प्रवास के दौरान 213 करोड़ रुपए की घोषणा की। इस राशि से शहर में बड़ा विकास होगा। भाजपा सरकार अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। गरीबों को रोटी, कपड़ा और मकान देने का काम हो रहा है। युक्तियुक्तकरण पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्कूल शिक्षा में सुधार के लिए कई अहम फैसले ले रही है। नई शिक्षा नीति से छात्रों को बेहतर पढ़ाई मिलेगी। स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ेंगी। तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा।


