भास्कर न्यूज | महुआडांड़ विश्व आदिवासी दिवस पर छेछाड़ी आदिवासी जागृति मंच, महुआडांड़ के तत्वावधान में पकरीपाठ में भव्य शोभायात्रा सह श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महुआडांड़ के शहीद चौक, रेजिडेंशियल स्कूल, बिरसा चौक एवं ब्लॉक परिसर स्थित जीतू किसान एवं मीठू किसान की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर आदिवासी पूर्वजों को नमन करने से हुई। इसके बाद शोभायात्रा सह श्रद्धांजलि जुलूस 27 किलोमीटर की दूरी तय कर पकरीपाठ स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचा, जहां पारंपरिक आदिवासी विधि-विधान के साथ पहान और बैगा द्वारा पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आदिवासी एकता, परंपरा एवं अधिकारों पर विचार-विमर्श का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण एक्का ने किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह शामिल हुए और विशिष्ट अतिथि के रूप में इफ्तिखार अहमद, मुखिया मगदली, डॉ. संतोष कुजूर, मंदीप मिंज, बिनय बरवा, अजित एक्का, अमित खलखो, बिनोद टोप्पो, प्रदीप उराँव, मंगल उराँव, मंगल नगेसिया, विजय नगेसिया सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। झारखंड निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित जनसमूह ने उनके संघर्षों को याद किया। इधर, 21 पड़हा समिति चटकपुर में आदिवासी नेता अजीत पाल कुजूर के नेतृत्व में आदिवासी दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें दर्जनों गांवों की टीमों ने भाग लिया।


