आदिवासी संगठनों का झारखंड बंद:सड़क पर उतरे संगठन के लोग, टायर जला कर किया विरोध; गाड़ियों की संख्या हुई कम

16 आदिवासी संगठनों ने शनिवार को झारखंड बंद बुलाया था। यह बंदी खूंटी में पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में की गई थी। खूंटी में बीते 7 जनवरी की देर शाम जमुआदाग के पास अज्ञात अपराधियों ने एदेल संगा पड़हा के राजा सोमा मुंडा (55) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमला उस समय हुआ, जब सोमा मुंडा पत्नी के साथ बाइक से खूंटी से अपने गांव चलांगी लौट रहे थे। इस हत्या के विरोध में 8 जनवरी को खूंटी बंद बुलाया गया था। मुख्य साजिशकर्ता अभी भी फरार इस हत्याकांड में भू-माफिया और उनके गुर्गों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पर मुख्य साजिशकर्ता, शूटर और भू-माफिया अभी भी फरार है। इन्हीं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर झारखंड बंद किया गया। खूंटी और उसके सटे जिलों में बंद का असर आदिवासी समाज की ओर से बुलाए बंद का शुरुआती असर कम रहा, पर दिन चढ़ने के साथ ही बंद का असर व्यापक रहा। वैसे तो तमाम जिलों में बंद का असर दिखा पर खूंटी से सटे रांची, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में खासा असर देखने को मिला। इन जगहों से खुलने वाली बसों की संख्या काफी कम रही। रेलवे स्टेशनों पर बंद का असर नहीं के बराबर रहा, पर यात्रियों को वहां तक पहुंचने में परेशानी हुई। खूंटी में सुरक्षा के रहे विशेष इंतजाम दरअसल, बंद का केंद्र खूंटी रहा। इस वजह से यहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। बंद के मद्देनजर जिला प्रशासन ने खूंटी जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों में कुल 42 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की थी। एसडीओ कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, खूंटी सदर प्रखंड के हुटार, बिरहू, पिपराटोली, शिम्बुकेल, सेरेंगडीह, बस स्टैंड, उपर चौक, नीचे चौक, तमाड़ मोड़, बगडू चौक, कर्रा रोड, चुकरु मोड़ और चलांगी स्थित श्राद्ध कार्यक्रम स्थल पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। जामताड़ा में भी दिखा झारखंड बंद का असर इधर, आदिवासी नेता और पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आदिवासी समाज ने जामताड़ा जिले के गोविंदपुर साहिबगंज नेशनल हाईवे में पोसोई मोड़ पर विभिन्न आदिवासी समाज संगठनों के द्वारा हाईवे को जाम कर दिया। इस दौरान हाइवे पर बड़ी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। कई किलोमीटर दूर तक गाड़ियां खड़ी रहीं। गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में सड़क पर उतरे समर्थक वहीं, सुबह से गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिला में परिवहन चालू रहा। दुकानें भी खुली लेकिन दोपहर के करीब गुमला के टावर चौक के पास आदिवासी संघर्ष समिति के देवेंद्र लाल उरांव के नेतृत्व में सड़क पर उतरकर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। कामडारा प्रखंड व सिसई में भी सड़क में उतरकर जगह-जगह पर वाहनों के परिचालन को रोकने का प्रयास किया गया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। सिमडेगा में भी कुछ देर के लिए सड़क पर उतरकर प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। बंद को इन संगठनों ने दिया समर्थन इस बंद को आदिवासी महासभा, आदिवासी जनपरिषद, आदिवासी समन्वय समिति, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, केंद्रीय सरना समिति, संपूर्ण आदिवासी समाज, सोगोम तमाड़ समिति, एदेश सांगा पड़हा, संयुक्त बाइस पड़हा मुंडा, राजी पड़हा समिति, जिला परिषद अध्यक्ष मसीही गुड़िया, पड़हा समिति, आदिवासी अधिकार समिति, झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा, केंद्रीय महिला सरना समिति, आमया संगठन ने समर्थन दिया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी और झारखंड छात्र संघ ने भी बंद को समर्थन देने की घोषणा की थी। मशाल जुलूस निकाल किया विरोध इधर, बंद की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आदिवासी संगठनों ने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला। लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की। आदिवासी जनपरिषद के अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा ने कहा कि सोमा मुंडा समाजसेवी के साथ 56 गांवों के पारंपरिक ‘एदेल संगा पड़हा राजा’ थे। उन्होंने जल-जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। सात जनवरी को भू-माफिया ने उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पर मुख्य साजिशकर्ता, शूटर और भू-माफिया अभी भी फरार है। यह आदिवासी समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसीलिए इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड बंद का आह्वान किया गया। रांची शहर के अधिकतर स्कूल बंद वहीं, झारखंड बंद को देखते हुए राजधानी के अधिकतर स्कूलों में छुट्‌टी रही। शहर के प्रमुख स्कूल सरला बिरला पब्लिक स्कूल, केरली धुर्वा, संत कोलंबस स्कूल, जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, लोयला कॉन्वेंट, बिशप वेस्टकॉट स्कूल, ब्रिजफोर्ड स्कूल, टेंडर हार्ट स्कूल, सेक्रेड हार्ट स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल, संत जेवियर्स स्कूल और आचार्यकुलम स्कूल समेत कई स्कूलों ने अभिभावकों को एसएमएस के माध्यम से स्कूलों में छुट्‌टी की सूचना दे दी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *