डूंगरपुर जिले में आधार ऑपरेटर यूनियन ने अपनी लंबित समस्याओं को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। यूनियन ने शाला दर्पण प्रमाण पत्र को मान्यता देने, आधार सुधार प्रक्रिया को सरल बनाने और तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता जैसी कई खास मांगें उठाई हैं। प्रशासन को 25 दिसंबर तक समाधान का समय दिया है। समाधान नहीं होने पर कार्य बहिष्कार और आंदोलन की चेतावनी दी है। आधार ऑपरेटर जिलाध्यक्ष चंद्रेश कलाल के नेतृत्व में बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे आधार ऑपरेटर ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आधार ऑपरेटर्स ने बताया कि आधार ऑपरेटर्स को पिछले लंबे समय से आधार से अपडेशन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते लोगों और ऑपरेटरों दोनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायतों में लंबे से इंटरनेट सेवाएं भी बंद पड़ी हैं। जिसके चलते भी उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शाला दर्पण प्रमाण पत्र को मान्यता नहीं मिलने के कारण स्टूडेंट्स को छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आधार ऑपरेटर यूनियन ने कलेक्टर को अपनी समस्याओं के बारे में ज्ञापन सौंपा। आधार डेटा सुधार की प्रक्रिया को सरल और तुरंत करने, शाला दर्पण पोर्टल से जारी अध्ययनरत प्रमाण पत्र को आधार कार्ड में नाम और जन्मतिथि सुधार के लिए मान्यता देने, ऑपरेटरों को नवीनतम तकनीकी उपकरण और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने, आधार सुधार के लिए जिला स्तर पर समाधान केंद्र की स्थापना करने की मांग की है। वहीं जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आधार ऑपरेटर यूनियन ने 25 दिसंबर से कार्य बहिष्कार और आंदोलन की चेतावनी दी है।


