आधार क्लोनिंग का तीसरा आरोपी सोहेल खान गिरफ्तार:पुलिस मुख्य आरोपी की पत्नी, आधार ठेकेदार से भी करेगी पूछताछ

बालाघाट। भरवेली पुलिस ने आधार कार्ड अपडेशन में आईरिस और फिंगरप्रिंट के क्लोन का उपयोग करने वाले गिरोह के तीसरे आरोपी सोहेल खान को खैरलांजी से गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस अब मुख्य आरोपी से जुड़े लोगों और जिले में आधार केंद्र का ठेका लेने वाले रीवा के ठेकेदार ब्रजकिशोर मिश्रा से भी पूछताछ करेगी। सीएसपी वैशालीसिंह कराहलिया ने बताया कि सोहेल खान मुख्य आरोपी मोहसीन खान के साथ मिलकर क्लोन के माध्यम से आधार अपडेशन का काम कर रहा था। पुलिस को जानकारी मिली है कि मोहसीन की पत्नी फरीना खान भी जबलपुर में आधार सेंटर चलाती है, जिसकी जानकारी जबलपुर के ई-गवर्नेंस विभाग से जुटाई जा रही है। बालाघाट में आधार कार्ड सेंटर का ठेका लेने वाले रीवा के ब्रजकिशोर मिश्रा की भूमिका की भी जांच की जाएगी। इससे पहले, भरवेली पुलिस ने 23 नवंबर को मुख्य आरोपी मोहसीन खान को भरवेली से गिरफ्तार किया था। मोहसीन ने पुलिस रिमांड के दौरान बताया था कि उसने चेतन मोहारे को आईरिस और फिंगरप्रिंट का क्लोन दिया था, जो इसी तरीके से आधार अपडेशन का काम कर रहा था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने चेतन को लालबर्रा के सांदीपनी स्कूल के पास संचालित आधार सेंटर से गिरफ्तार किया। आरोपी मोहसीन खान आईरिस और फिंगरप्रिंट का क्लोन तैयार कर जिले के अन्य क्षेत्रों में परिवार और परिचितों के नाम से आधार टेंडर लेता था। वह एक ही जगह से सभी सेंटरों की आधार मशीनें अवैधानिक रूप से भरवेली स्थित अपने कियोस्क सेंटर से संचालित कर आधार अपडेशन का काम करता था। मशीनों का लोकेशन छिपाने के लिए वह वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) का उपयोग करता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *