सिटी रिपोर्टर | बोकारो सेक्टर-4 स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में रविवार को 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती सह महाशिवरात्रि महोत्सव श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त अजय नाथ झा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएसएल के महाप्रबंधक एके सिंह आदि उपस्थित रहे। इस दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि इस प्राणखंड में जितना क्षण आपको ईश्वर ने दिया है, उसमें आप आगे बढ़ें। जीवन की भागदौड़ में सच्चा सुकून भक्ति से प्राप्त होता है। भक्ति के माध्यम से व्यक्ति को दो प्रकार का ज्ञान मिलता है, पुस्तकीय ज्ञान तथा संसर्ग मार्ग से प्राप्त अनुभवात्मक ज्ञान। धार्मिक आस्था मानसिक एवं आत्मिक शांति का मुख्य स्रोत है। केंद्र प्रभारी कुसुम देवी ने कहा कि शिव निराकार, ज्योति स्वरूप और समस्त आत्माओं के पिता हैं। परमपिता परमात्मा शिव की आराधना केवल भारत में ही नहीं बल्कि विश्वभर में की जाती है। शिव का स्मरण जीवन में शांति, शक्ति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक ध्यान, भजन-कीर्तन और साधना में भाग लिया।


