आनंदपुर| पोड़ाहाट रेंज अंतर्गत आनंदपुर के डाक बंगला स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में पोड़ाहाट रेंज आनंदपुर द्वारा सोमवार को क्षतिपूर्ति मुआवजा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि विधायक जगत माझी एंव मनोहरपुर जिप सदस्य रंजीत यादव ने शिरकत की। मौके पर विगत दिनों आनंदपुर प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रो में गोंदपुर, आनंदपुर, बुरुइन्चिंडा, रूंगीकोचा, बटमा, रुंघी, लोरपोंडा, ठियाटांगर, गुड़गांव, सतबमड़ी, गुड़गांव, गीतिउली, बोरोतिग्गा आदि गांव में हाथियों द्वारा धान की फसलों समेत घरों को नुकसान पहुंचाया गया था। इसके साथ ही गीतिउली की एक बुजुर्ग महिला बुधनी सोलंकी 64 को हाथी ने कुचल कर मार डाला था। इधर वनविभाग के नियम अनुसार मुख्य अतिथि विधायक जगत माझी तथा जिप सदस्य रंजीत यादव के हाथों बुधनी सोलंकी के परिजन समेत 23 पीड़ितों के बीच 26,64,280 लाख रुपए का मुआवजा राशि का वितरण किया गया। मौके पर विभाग की टीम द्वारा जांच पड़ताल के बाद ही पीड़ितों को क्षतिपूर्ति राशि मुहैया कराई गई है। मौके पर पोडाहाट रेंजर तरुण कुमार सिंह, फॉरेस्टर आलोक तुबीद, संजीव गंताइत, राजू सिंह, पिंटू जैन, आशीष गंताइत, वन विभाग के कर्मी समेत पीड़ित गण मौजूद थे। चक्रधरपुर| चक्रधरपुर प्रखंड के आसनतलिया पंचायत भवन में बाल अधिकार सुरक्षा मंच पोड़ाहाट चक्रधरपुर अनुमंडल ने प्रेसवार्ता कर अनुमंडल में शिक्षा क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री झारखंड सरकार के नाम नौ हजार पोस्ट कार्ड भेजने की जानकारी दी। अनुमंडल के सभी सात प्रखंडों के 87 पंचायतों और 23 वार्डो के आम नागरिकों से लेकर शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम मुंडा, मानकी, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवियों ने अपने हाथ से पोस्ट कार्ड में शिक्षा की बदहाली से अवगत कराते हुए इसे दूर करने की मांग की है। पोस्ट कार्ड के माध्यम से वर्ग कक्ष की कमी, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, पाठशाला की समस्या, बिजली और चारदीवारों का अभाव आदि समस्याओं को दूर करने की मांग की गई है। चाईबासा| 10 अगस्त से 25 अगस्त तक मास ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीएम -आईडीए 2055) राष्ट्रीय कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रखंड प्रमुख कल्पना सुंडी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी अमिताभ भगत की संयुक्त अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय, सभागार में प्रखंड समन्वय समिति ( बीएलटीएफ) की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रखंड स्तरीय विभिन्न विभाग के पदाधिकारी, समन्वयक, प्रतिनिधियों आदि को उक्त कार्यक्रम की रूप रेखा , सूक्ष्म कार्ययोजना आदि के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रथम चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शिवचरण हांसदा द्वारा दी गई। वेक्टर बॉर्न डिजीज टेक्निकल पर्यवेक्षक अहसन फारूक द्वारा फाइलेरिया रोग तथा इसके उन्मूलन हेतु राष्ट्रीय रणनीति के विषय में जानकारी दी। कुल 166803 योग जनसंख्या को दवा का सेवन कराया जाना है, जिसके लिए कुल 205 बूथ, 442 दवा प्रशासकों, 55 सुपरवाइजर्स , आरआरटी टीम का गठन किया जा चुका है।


